हल्द्वानी। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में मंगलवार को दस दिवसीय सरस आजीविका मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। आगामी 3 दिसंबर तक चलने वाले इस मेले का उद्घाटन सांसद दिनेश आर्य और कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को मिलेगा बढ़ावा
इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि सरस आजीविका मेला महिला सशक्तीकरण एवं ग्रामीण आजीविका को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि मेले का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित वस्तुओं, हस्तशिल्प और कलाकृतियों के विपणन को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही देश के विभिन्न राज्यों से आए स्वयं सहायता समूहों को एक-दूसरे की कला, संस्कृति और कार्यशैली को जानने-समझने का अवसर भी उपलब्ध कराना है।
लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देने के लिए बायर-सेलर मीट का आयोजन
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ मंत्र को आत्मसात करते हुए मेले में बायर-सेलर मीट का आयोजन भी किया जा रहा है। इसके माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे ग्रामीण उत्पादों के विपणन को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही महिला समूहों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
