गैरसैंण (चमोली), 14 नवंबर। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें सहकारी बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को ब्लॉक सभागार गैरसैंण में चमोली जिला सहकारी बैंक लिमिटेड एवं सहकारिता विभाग, जनपद चमोली के संयुक्त तत्वावधान में वृहद कृषक ऋण मेला एवं वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
विधायक अनिल नौटियाल ने किया प्रतिभाग
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल ने प्रतिभाग किया। इस दौरान चमोली जिला सहकारी बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक सूर्य प्रकाश सिंह, सहायक निबंधक जिला सहकारी समितियां रणजीत सिंह राणा एवं बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
शिविर में क्षेत्र प्रमुख दुर्गा देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी, भाजपा नेता रामचंद्र गौड़ सहित सहकारिता विभाग एवं चमोली जिला सहकारी बैंक के अधिकारी-कर्मचारी तथा अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
किसानों को दी गई सहकारी योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं बैंक अधिकारियों ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों और उपस्थित कृषकों को सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी बैंक की विभिन्न योजनाओं, वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग सुविधाओं तथा किसानों के लिए उपलब्ध ऋण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को सरकारी एवं सहकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
कृषकों को वितरित किए गए ऋण स्वीकृति के चेक
इस अवसर पर कृषकों को ऋण स्वीकृति के चेक भी वितरित किए गए। ऋण मेला किसानों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें बैंकिंग व्यवस्था और सहकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर
कार्यक्रम के माध्यम से सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी बैंक ने किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
