ज्योतिर्मठ में सैनिक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को किया सम्मानित

ज्योतिर्मठ (चमोली)। विकासखंड सभागार ज्योतिर्मठ में सैनिक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले गौरव सेनानियों, पूर्व सैनिकों, अर्धसैनिक बलों के जवानों एवं वीर नारियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों एवं बुद्धिजीवियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

सैनिकों का जीवन त्याग, तपस्या और राष्ट्रसेवा का प्रतीक

कार्यक्रम के आयोजक एवं जिला पंचायत चमोली के उपाध्यक्ष तथा पूर्व सैनिक लक्ष्मण सिंह खत्री ने कहा कि सैनिक का जीवन त्याग, तपस्या, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का प्रतीक होता है। देश के वीर जवान विषम परिस्थितियों में सीमाओं की रक्षा कर राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार और जागरूक नागरिक समाज को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे सभी लोगों का सम्मान करना समाज और राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है।

जनसेवा और जरूरतमंदों तक सहयोग पहुंचाना प्राथमिकता

उन्होंने कहा कि एक पूर्व सैनिक होने के नाते वह सैनिकों और उनके परिवारों के संघर्ष एवं योगदान को भली-भांति समझते हैं। उनका प्रयास है कि समाज के प्रत्येक वर्ग को उचित सम्मान मिले और जरूरतमंद लोगों तक सहयोग पहुंचे। जनसेवा को अपना प्रमुख उद्देश्य बताते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा, क्षेत्र का विकास और लोगों के सम्मान से जुड़ा दायित्व है।

आयोजक ने सहयोगियों और अतिथियों का जताया आभार

खत्री ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले भारतीय जनता पार्टी परिवार, पूर्व सैनिक संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सैनिकों और समाज के लिए समर्पित लोगों का सम्मान करने की यह पहल आगे भी जारी रहेगी।

जय हिंद और जय भारत के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें