CM धामी बोले- गौसेवा हमारी आस्था और संस्कृति का अभिन्न अंग, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बनाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गौसेवा हमारी आस्था और संस्कृति का अभिन्न अंग होने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। राज्य सरकार गौसंरक्षण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश के 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गोसदनों में 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को संरक्षण प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गौसंरक्षण को कृषि, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका से जोड़कर इसके लिए दीर्घकालिक एवं व्यावहारिक समाधान विकसित करने की आवश्यकता है।

निराश्रित गोवंश का संरक्षण समय की

महत्वपूर्ण आवश्यकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण वर्तमान समय की एक महत्वपूर्ण चुनौती है। कृषि कार्यों में मशीनों का उपयोग बढ़ने से गोवंश, विशेषकर नंदियों की पारंपरिक उपयोगिता में बदलाव आया है। ऐसे में गौसंरक्षण के लिए केवल गौशालाओं का निर्माण पर्याप्त नहीं है, बल्कि गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़ना भी जरूरी है। इससे गौसंरक्षण के साथ किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।

गौसेवा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। राज्य सरकार गौसंरक्षण से संबंधित कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोवंश के प्रति क्रूरता और गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कामधेनुलोक से समृद्ध होगी हरिद्वार की आध्यात्मिक पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार देश की आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। कामधेनुलोक जैसी परियोजनाएं हरिद्वार की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करेंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का एक अनुकरणीय मॉडल बनेगी।

कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर सरकार गंभीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार व्यापक तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क एवं यातायात व्यवस्था, नए पुलों, संपर्क मार्गों और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दृष्टिगत सुरक्षा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के साथ आधुनिक तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु देवभूमि की आध्यात्मिक विरासत, स्वच्छता, सुव्यवस्था और अतिथि सत्कार का सुखद अनुभव लेकर लौटें।

उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प पर काम कर रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने विकल्प रहित संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। गौसंरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को एक-दूसरे से जोड़ना भी इसी संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कामधेनुलोक गौशाला आने वाले समय में गौसेवा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी उदाहरण बनेगी।

मुख्यमंत्री ने इस पुनीत कार्य के लिए श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला से जुड़े सभी संतों, सेवकों, पदाधिकारियों और सहयोगियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

संत-महात्मा और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक एवं प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें