ऋषिकेश के श्री मधुबन आश्रम में गोवर्धन पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया

ऋषिकेश। कैलाश गेट स्थित श्री मधुबन आश्रम में गोवर्धन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर सर्वप्रथम गौ माता की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात मंदिर में भगवान गोवर्धन महाराज को भोग अर्पित किया गया। कार्यक्रम में 56 भोग, प्रवचन, आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भंडारे की व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर नगर पालिका मुनि की रेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, पूर्व अध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल, रोशन रतूड़ी, समाजसेवी कमल सिंह राणा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सूर्य चंद चौहान, मुनि की रेती पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष संजय बडोला, आशीष कुकरेती, दिलीप शर्मा, सुनील कंडवाल, नवीन अग्रवाल, नितिन गुप्ता, सुदामा सिंघल, दिनेश कोठारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र का घमंड तोड़कर दिया अहंकार त्यागने का संदेश

इस अवसर पर मधुबन आश्रम के अध्यक्ष परमानंद दास जी महाराज ने अपने प्रवचन में भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को किसी भी प्रकार का अहंकार पसंद नहीं है। इसी अहंकार को समाप्त करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र का घमंड तोड़ने के उद्देश्य से सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठाकर रखा और उनका अभिमान भंग किया।

उन्होंने श्रद्धालुओं को संदेश देते हुए कहा कि भगवान का स्मरण सदैव श्रद्धा, प्रेम और भक्ति भाव से करना चाहिए। कार्यक्रम का वातावरण भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हरे कृष्ण महामंत्र का कीर्तन किया।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें