गरुड़ (बागेश्वर)। तहसील गरुड़ के तेलीहाट गांव में सोमवार देर रात घास के लूटों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते आसपास रखे घास के लूटों को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में करीब 10 से 15 घास के लूटे जलकर राख हो गए। ग्रामीणों की तत्परता से पास स्थित लकड़ी के मकानों और गौशाला को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
तीन परिवारों के घास के लूटे आग की चपेट में
ग्राम प्रधान पूजा मेहरा के अनुसार, सोमवार देर रात महेश सिंह काला के घास के लूटों में अज्ञात कारणों से आग लग गई। शुरुआत में आग सीमित थी, लेकिन कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं। आग ने पास में रखे आनंद सिंह और गिरीश काला के घास के लूटों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग और धुएं का गुबार देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
70 से 80 ग्रामीणों ने मिलकर बुझाई आग
आग की गंभीरता को देखते हुए करीब 70 से 80 ग्रामीणों ने एकजुट होकर मोर्चा संभाला। बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों की मदद से ग्रामीणों ने काफी देर तक आग बुझाने का प्रयास किया। सामूहिक प्रयासों से आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, तब तक करीब 10 से 15 घास के लूटे जल चुके थे। ग्रामीणों की तत्परता से आसपास के लकड़ी के मकानों और गौशाला को सुरक्षित बचा लिया गया।
सड़क सुविधा के अभाव में गांव नहीं पहुंची दमकल
घटना के दौरान गांव तक सड़क सुविधा नहीं होने के कारण दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंच सका। ऐसे में ग्रामीणों को अपने स्तर पर ही आग बुझाने की जिम्मेदारी उठानी पड़ी। इस घटना ने एक बार फिर दूरस्थ गांवों में सड़क और आपातकालीन अग्निशमन सुविधाओं की कमी को उजागर किया है।
ग्रामीणों ने की मदद और मुआवजे की मांग
आग बुझाने में ठाकुर सिंह मेहरा, योगेश काला, रितेश काला, तेज सिंह मेहरा, भूपाल सिंह, मंजू काला, कमला देवी और भावना काला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे रहे। महिला और पुरुषों ने मिलकर आग पर काबू पाने में सहयोग किया।
जिला पंचायत सदस्य जनार्दन लोहुमी ने घटना पर दुख जताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
