74वें गौचर मेले में वरिष्ठ पत्रकार ललिता प्रसाद लखेड़ा को मिलेगा ‘गोविंद प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’

गौचर (चमोली)। 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में इस वर्ष वरिष्ठ पत्रकार ललिता प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविंद प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया जाएगा। चमोली जनपद के ग्राम बमोथ निवासी लखेड़ा को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए इस सम्मान हेतु चुना गया है। मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उन्हें सम्मानित करेंगे।

14 नवंबर को होगा मेले का शुभारंभ

गौचर मेला समिति की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 14 नवंबर को मेले का विधिवत शुभारंभ होगा। उद्घाटन समारोह के दौरान दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री द्वारा वरिष्ठ पत्रकार ललिता प्रसाद लखेड़ा को स्मृति सम्मान प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

पत्रकारिता में योगदान के लिए हुआ चयन

गौचर मेले में प्रतिवर्ष विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने की परंपरा रही है। इसी क्रम में ललिता प्रसाद लखेड़ा का चयन पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मान देने के लिए किया गया है।

उनके सम्मानित होने की खबर से क्षेत्र के पत्रकारों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।

 


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें