74वें गौचर मेले की तैयारियों को लेकर DM गौरव कुमार ने किया मेला मैदान का स्थलीय निरीक्षण

गौचर (चमोली)। 14 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मेला मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

पार्किंग, यातायात और बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा

जिलाधिकारी ने मेला मैदान के लेआउट, मंच, स्टॉल, प्रदर्शनी स्थल, पार्किंग और यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले आगंतुकों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, मोबाइल शौचालय और निर्बाध यातायात की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान

जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए अस्थायी मेला पुलिस चौकी स्थापित करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन वाहन और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। इसके साथ ही खाद्य पदार्थों की नियमित जांच, चिकित्सा एवं एंबुलेंस सुविधा और वाटर एटीएम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के लिए भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा, ताकि मेले में आने वाले सभी लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

स्थानीय उत्पादों और स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा अवसर

जिलाधिकारी ने स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और स्वयं सहायता समूहों को मेले में पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने सभी विभागों और मेला समितियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें