उक्रांद ने आशीष नेगी को बनाया प्रत्याशी, गौचर में ढोल-दमाऊ और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत

गौचर (चमोली)। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की ओर से आशीष नेगी को प्रत्याशी नामित किए जाने के बाद गौचर में पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रविवार को सांगठनिक जिला चंद्रनगर गैरसैंण के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ढोल-दमाऊ की थाप, गगनभेदी नारों और फूल-मालाओं के साथ आशीष नेगी का जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और आगामी राजनीतिक अभियान को एकजुट होकर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

फूल-मालाओं से स्वागत, लगाए समर्थन में नारे

स्वागत कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने आशीष नेगी को फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया और उनके समर्थन में नारे लगाए। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि आशीष नेगी को प्रत्याशी नामित किए जाने से संगठन के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने और उक्रांद की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही।

जल, जंगल, जमीन और स्थायी राजधानी गैरसैंण प्रमुख मुद्दे

सांगठनिक जिला चंद्रनगर गैरसैंण के जिलाध्यक्ष जमन सिंह मनेशा ने कहा कि आशीष नेगी को प्रत्याशी नामित किया जाना संगठन के लिए महत्वपूर्ण निर्णय है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनसमर्थन के साथ उक्रांद अपने क्षेत्रीय मुद्दों को मजबूती से जनता के सामने रखेगा।

मनेशा ने कहा कि जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के साथ रोजगार, पलायन, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा स्थायी राजधानी गैरसैंण जैसे सवाल दल के प्रमुख मुद्दे हैं। इन विषयों को लेकर उक्रांद का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

युवाओं में उत्साह, एकजुट होकर अभियान चलाने का आह्वान

युवा उक्रांद के केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत ने कहा कि आशीष नेगी को प्रत्याशी बनाए जाने से युवाओं में उत्साह है। युवा कार्यकर्ता पूरी एकजुटता और समर्पण के साथ उनके समर्थन में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हक-हकूकों और क्षेत्रीय सरोकारों की आवाज जन-जन तक पहुंचाने में युवा कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी राजनीतिक अभियान में प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

स्वागत कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष नवीन पुजारी, गैरसैंण ब्लॉक अध्यक्ष जय नेगी, गिरीश सिरसवाल, केंद्रीय युवा प्रकोष्ठ संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह बिष्ट, केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत, केंद्रीय सचिव युवा उक्रांद राजा सिंह, मुकेश कुंवर, विकेंद्र खत्री, संजय बहुगुणा, रोहित बहुगुणा, शुभम चौहान, अनिल बिष्ट, पंकज बिष्ट और बलवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें