हल्द्वानी में पांच दिवसीय कुमाऊं द्वार महोत्सव का भव्य समापन, आयुक्त दीपक रावत हुए शामिल

हल्द्वानी। एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित पांच दिवसीय कुमाऊं द्वार महोत्सव मंगलवार को भव्य समारोह के साथ सम्पन्न हो गया। समापन समारोह में सचिव मुख्यमंत्री एवं आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल और आयुक्त दीपक रावत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

उत्तराखंड की संस्कृति और अस्मिता का उत्सव है महोत्सव

समापन समारोह को संबोधित करते हुए आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि कुमाऊं द्वार महोत्सव केवल एक मेला नहीं, बल्कि उत्तराखंड की आत्मा, संस्कृति और अस्मिता का उत्सव है। यह महोत्सव लोगों को अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि हर वर्ष महोत्सव की लोकप्रियता बढ़ रही है और इसमें प्रतिभागियों के साथ दर्शकों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। यह लोगों के अपनी लोक संस्कृति के प्रति गहरे लगाव को दर्शाता है।

आयुक्त ने कहा कि महोत्सव के मंच से लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा और कला देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। इससे उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति को नई पहचान मिल रही है।

महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल रहे आकर्षण का केंद्र

महोत्सव के समापन दिवस पर आयुक्त दीपक रावत ने परिसर में महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इन स्टॉलों पर स्थानीय जैविक उत्पाद, पहाड़ी हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन और हस्तनिर्मित वस्तुएं प्रदर्शित की गई थीं।

आयुक्त ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों के ये स्टॉल आत्मनिर्भर भारत और महिला सशक्तिकरण की सशक्त तस्वीर पेश करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘लखपति दीदी योजना’ के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान आयुक्त ने विभिन्न कलाकारों को सम्मानित भी किया।

कुमाऊंनी गीत की प्रस्तुति देकर दर्शकों का जीता दिल

समापन समारोह में आयुक्त दीपक रावत ने कुमाऊंनी गीत ‘हिट दगड़ी कमला, अलमौड़ में तेरो बंगला’ की सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति पर समारोह में मौजूद लोगों ने उत्साह दिखाया।

कार्यक्रम के अंत में आयुक्त ने आयोजन समिति और सभी प्रतिभागियों को महोत्सव के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें