गौचर में प्रेस क्लब कार्यालय का विधिवत शुभारंभ, पालिकाध्यक्ष ने काटा फीता

चमोली, 21 अक्टूबर। जनपद चमोली के प्रवेश द्वार गौचर में पंजीकृत प्रेस क्लब के कार्यालय का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी ने फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया, जबकि उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने प्रेस क्लब के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष ने प्रेस क्लब के लिए भवन निर्माण हेतु जमीन उपलब्ध कराने में सहयोग का आश्वासन भी दिया।

एक साल पहले हुआ था प्रेस क्लब का गठन

गौचर में लगभग एक वर्ष पूर्व प्रेस क्लब का गठन किया गया था, जिसका पंजीकरण भी हो चुका है। क्लब के कार्यालय के लिए पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी ने एक कक्ष उपलब्ध कराया था। बुधवार को इसी कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया।

पालिका सभागार में आयोजित समारोह की अध्यक्षता प्रेस क्लब के संरक्षक एवं भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री ने की। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने क्लब के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।

प्रेस क्लब के भवन के लिए जमीन उपलब्ध कराने का आश्वासन

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उनके कार्यकाल में गौचर प्रेस क्लब का गठन हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि समय आने पर प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर प्रेस क्लब के भवन के लिए जमीन उपलब्ध कराने में हरसंभव मदद की जाएगी।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री ने कहा कि पत्रकार शासन-प्रशासन के आंख-कान होते हैं। इसलिए उनके सम्मान में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश नेगी ने पत्रकारों को समाज का दर्पण बताते हुए कहा कि गौचर में प्रेस क्लब की स्थापना से नगर की पहचान जनपद ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश स्तर पर भी मजबूत होगी। वहीं, रानीगढ़ गौरव सैनिक संगठन के अध्यक्ष बीरपाल नेगी ने प्रेस क्लब के गठन पर प्रसन्नता व्यक्त की।

पत्रकारिता में बेहतर कार्य करने की जताई उम्मीद

लोक कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील पंवार ने कहा कि प्रेस क्लब के कार्यक्रम में शामिल होकर वे गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने उम्मीद जताई कि गौचर के पत्रकार पत्रकारिता के क्षेत्र में बेहतर पहचान बनाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें आशा है कि प्रेस क्लब की टीम आगामी गौचर मेले में जनसंपर्क (पीआर) के माध्यम से व्यापक स्तर पर बेहतर कार्य करेगी।

प्रेस क्लब के संरक्षक दिग्पाल गुसाईं ने क्लब की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारों को अपने मधुर व्यवहार से अलग पहचान बनानी चाहिए।

कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री ने कहा कि गौचर प्रेस क्लब को देहरादून प्रेस क्लब से संबद्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि गौचर के पत्रकारों को भी वहां जैसी सुविधाएं मिल सकें।

वरिष्ठ पत्रकारों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार एलपी लखेड़ा और दिग्पाल गुसाईं को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डीडी न्यूज के पत्रकार भानू प्रकाश नेगी ने किया। प्रेस क्लब अध्यक्ष खुशाल सिंह असवाल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत, पूर्व कर्मचारी संगठन अध्यक्ष राजेंद्र मैखुरी, राष्ट्रपति से सम्मानित सेवानिवृत्त व्यायाम शिक्षक राजेंद्र सिंह नेगी, शिव लाल भारती, गजेंद्र नयाल, भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला प्रभारी महावीर रावत, देहरादून से आए सत्यनारायण गायत्री, दशोली ब्लॉक प्रभारी सुरेंद्र सिंह गढ़िया, समाजसेवी जगत सिंह, पंडित मदन मैखुरी तथा प्रेस क्लब के पदाधिकारी गोविंद सिंह बिष्ट, ईश्वर सिंह राणा, अरुण मिश्रा, देवेंद्र गुसाईं, भानू प्रकाश नेगी और प्रदीप चौहान सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें