नैनीसैंण इंटर कॉलेज में प्रवक्ता पदों की मांग को लेकर अभिभावकों ने किया प्रदर्शन

कर्णप्रयाग। विकासखंड कर्णप्रयाग के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नैनीसैंण में रिक्त प्रवक्ता पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर बुधवार को अभिभावक संघ और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय परिसर में सांकेतिक प्रदर्शन किया। इस दौरान अभिभावकों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, उत्तराखंड के राज्यपाल और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को संबोधित रक्त से लिखा ज्ञापन डाक के माध्यम से भेजा।

40 से 50 अभिभावक प्रदर्शन में हुए शामिल

अभिभावक संघ के अध्यक्ष एवं भाजपा जिला संयोजक सोशल मीडिया राकेश सिंह नेगी के नेतृत्व में करीब 40 से 50 अभिभावक और क्षेत्रीय लोग विद्यालय परिसर में एकत्र हुए। दोपहर करीब 11:50 बजे से 12:10 बजे तक प्रदर्शनकारियों ने सांकेतिक नारेबाजी कर रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति की मांग उठाई।

अभिभावकों ने गणित, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, रसायन विज्ञान समेत अन्य विषयों के प्रवक्ता पदों को भरने की मांग की। उनका कहना है कि विद्यालय में पिछले तीन माह से पद रिक्त होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

मांग पूरी नहीं हुई तो विधायक के घेराव की चेतावनी

प्रदर्शन में शामिल अभिभावकों ने संबंधित विभाग से रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो निकट भविष्य में कर्णप्रयाग विधायक का घेराव किया जाएगा। इसके साथ ही गौचर स्थित विधायक के निजी आवास पर अनिश्चितकालीन धरना देने का निर्णय भी लिया जाएगा।

ये लोग रहे मौजूद

इस मौके पर रणजीत रावत, विक्रम सिंह, देवेंद्र सिंह, तनुजा देवी, हेमलता देवी और संतोषी देवी सहित अन्य अभिभावक एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान

 


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें