पोखरी (चमोली)। विकासखंड पोखरी के तोणजी गांव में भालू ने गौशाला में घुसकर एक बछड़े को मार डाला और उसे खा लिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। गौशाला के भीतर भालू के पहुंचने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है और पशुपालकों को अपने मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सता रही है।
गौशाला में घुसकर बछड़े पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अवतार सिंह नेगी की गौशाला में भालू घुस गया। इस दौरान उसने वहां मौजूद बछड़े को अपना निवाला बना लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में भालू की आवाजाही से पशुपालकों के सामने अपने मवेशियों की सुरक्षा का संकट खड़ा हो गया है। गौशालाओं में बंधे पशुओं पर वन्यजीवों के हमले की आशंका के चलते ग्रामीण चिंतित हैं।
वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालू की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और उनके पशुधन की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
ग्रामीणों ने प्रभावित पशुपालक को हुए नुकसान के लिए उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई है।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
