बदरीनाथ धाम में श्रद्धालु का साढ़े छह लाख का ब्रेसलेट खोया, पुलिस ने सकुशल लौटाया

गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम में दर्शन के दौरान कोलकाता निवासी श्रद्धालु का करीब साढ़े छह लाख रुपये कीमत का सोने का ब्रेसलेट खो गया। पुलिस की तत्परता और लगातार खोजबीन के बाद ब्रेसलेट सकुशल बरामद कर उसके वास्तविक स्वामी को सौंप दिया गया।

दर्शन के दौरान गिरा ब्रेसलेट

पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी मदन मोहन केरल अपने परिवार के साथ भगवान बदरीनाथ के दर्शन के लिए धाम पहुंचे थे। दर्शन के दौरान मंदिर परिसर की सीढ़ियों के पास उनका करीब पांच तोले का सोने का ब्रेसलेट कहीं गिर गया।

ब्रेसलेट की कीमत करीब साढ़े छह लाख रुपये बताई गई है। कीमती आभूषण गुम होने से श्रद्धालु काफी परेशान हो गए और उन्होंने तत्काल पुलिस से मदद मांगी।

सीसीटीवी फुटेज खंगालकर शुरू की तलाश

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ अन्य माध्यमों से भी ब्रेसलेट की खोजबीन की।

पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद ब्रेसलेट बरामद कर लिया गया। आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने ब्रेसलेट मदन मोहन केरल के सुपुर्द कर दिया।

खोई अमानत वापस मिलने पर श्रद्धालु ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया। उन्होंने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की।

इन पुलिसकर्मियों ने की तलाश

ब्रेसलेट बरामद करने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल अरुण गैरोला, कांस्टेबल शीशपाल, हेड कांस्टेबल पीटी दिवाकर सती, कांस्टेबल गौरव रावत, कांस्टेबल विकास राणा और कांस्टेबल आदर्श रमोल शामिल रहे।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें