उत्तरकाशी: ADG डॉ. वी. मुरुगेशन ने गंगोत्री धाम यात्रा मार्ग और गौमुख ट्रैक का किया स्थलीय निरीक्षण—पुलिस एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

उत्तरकाशी। तीन दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड डॉ. वी. मुरुगेशन ने गंगोत्री धाम यात्रा मार्ग और गौमुख ट्रैक का स्थलीय निरीक्षण कर पुलिस एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा, भीड़ व यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों पर निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की।

एडीजी ने अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को लगातार प्रभावी बनाए रखने तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गंगोत्री धाम पुलिस चौकी का किया निरीक्षण

अपर पुलिस महानिदेशक ने गंगोत्री धाम स्थित पुलिस चौकी का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई और पुलिस अभिलेखों का अवलोकन भी किया। उन्होंने धाम में तैनात पुलिस, फायर और एसडीआरएफ कर्मियों को भीड़ एवं यातायात प्रबंधन प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने मंदिर में श्रद्धालुओं को व्यवस्थित एवं कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने तथा नदी घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया।

सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी के निर्देश

एडीजी ने पार्किंग स्थलों के साथ ही धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। भीड़ बढ़ने की स्थिति में प्रभावी भीड़ नियंत्रण के साथ आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के साथ विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने तथा उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया।

भोजवासा पुलिस चौकी पहुंचकर सुविधाओं का लिया जायजा

अपर पुलिस महानिदेशक ने गौमुख ट्रैक स्थित पुलिस चौकी भोजवासा पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विपरीत भौगोलिक एवं दुर्गम परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों के लिए रहने, खाने और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने जवानों की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली। गौमुख ट्रैक जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में विषम परिस्थितियों के बीच ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने उनके कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।

ट्रैकर्स और श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड रखने के निर्देश

एडीजी ने निर्देश दिए कि गौमुख ट्रैक पर आवागमन करने वाले प्रत्येक ट्रैकर, पर्यटक एवं तीर्थयात्री का पूरा विवरण निर्धारित रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही उनके आवागमन की नियमित निगरानी रखने और सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक सावधानियों का विशेष ध्यान रखने को कहा।

उन्होंने कहा कि चारधाम और गौमुख जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा बेहतर पुलिस व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

ये अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार, प्रभारी निरीक्षक हर्षिल प्रदीप तोमर, प्रभारी चौकी गंगोत्री प्रमोद उनियाल, शिवेंद्र पंवार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें