पौड़ी। एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के नाम, अंकतालिकाओं, उपाधि प्रारूपों, विश्वविद्यालयीय मोहरों और संबंधित अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षरों का कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उनके इस्तेमाल के मामले में पौड़ी पुलिस ने एक और आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी BBA की अंकतालिका और डिग्री के आधार पर एक कंपनी में मैनेजर के पद पर नौकरी कर रहा था।
विश्वविद्यालय की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के अनुसार, 25 मार्च 2026 को एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर के परीक्षा नियंत्रक जय सिंह चौहान ने कोतवाली श्रीनगर में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में कासिफ कलीम एवं अन्य व्यक्तियों पर विश्वविद्यालय के नाम और दस्तावेजों का फर्जी तरीके से निर्माण कर उन्हें वास्तविक एवं प्रमाणिक अभिलेखों के रूप में विभिन्न स्थानों पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया था।
शिकायत के आधार पर कोतवाली श्रीनगर में मु0अ0सं0-19/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 336(4), 338 एवं 340(2) के तहत विवेचना शुरू की गई।
पहले दो आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने नामजद आरोपियों और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की पहचान व गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद आरोपी कासिफ कलीम और प्रकाश में आए एक अन्य आरोपी देवांश पांडे को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
फर्जी BBA डिग्री के आधार पर कर रहा था नौकरी
पुलिस के अनुसार, विवेचना और सूचना संकलन के दौरान एक अन्य आरोपी मनजीत सिंह की संलिप्तता सामने आई। जांच में यह तथ्य सामने आने का दावा किया गया कि मनजीत सिंह ने गढ़वाल विश्वविद्यालय की फर्जी BBA अंकतालिका और डिग्री तैयार की थी और उसके आधार पर एक कंपनी में मैनेजर के पद पर नौकरी कर रहा था।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी मनजीत सिंह को बसंत विहार, साउथ दिल्ली से गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
मनजीत सिंह, पुत्र सतवीर सिंह, निवासी ग्राम संतोखपुरा, थाना सदर, तहसील चरखी दादरी, जिला भिवानी, हरियाणा।
उम्र: 33 वर्ष।
पंजीकृत अभियोग
मु0अ0सं0-19/2026
धाराएं: 318(4), 336(3), 336(4), 338 एवं 340(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS)
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
