हल्द्वानी: जज फार्म क्षेत्र में दूषित और झागयुक्त पानी की आपूर्ति का मामला सामने आया—सांसद अजय भट्ट ने जिलाधिकारी को भेजा पत्र

हल्द्वानी। शहर के वार्ड-52 स्थित जज फार्म क्षेत्र में घरों के नलों से दूषित एवं झागयुक्त पानी की आपूर्ति का मामला सामने आने के बाद पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल को पत्र भेजकर प्रभावित क्षेत्र में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

समाचार के माध्यम से मिली जानकारी

सांसद अजय भट्ट ने अपने पत्र में कहा कि 4 अक्टूबर को प्रकाशित समाचार पत्रों के माध्यम से उन्हें जज फार्म क्षेत्र में घरों में नलों से गंदा एवं झागयुक्त पानी आने की जानकारी मिली। स्थानीय निवासियों के अनुसार क्षेत्र के कई घरों में पानी पीने योग्य नहीं है और पानी में गंदगी एवं झाग की शिकायत सामने आई है।

पत्र में बताया गया है कि क्षेत्र में गौला नदी और ट्यूबवेल दोनों की पाइपलाइनें मौजूद होने के बावजूद पेयजल समस्या बनी हुई है। इसके अलावा शीशमहल फिल्टर प्लांट में सिल्ट जमा होने से भी पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की बात सामने आई है।

दूषित पानी से बीमारी की आशंका

सांसद ने पत्र में ज्योलिकोट में दूषित पानी के कारण लोगों के बीमार होने की घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दूषित पेयजल से जलजनित बीमारियों और महामारी फैलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन को मामले में गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।

पाइपलाइन और पानी की गुणवत्ता की जांच की मांग

अजय भट्ट ने जिलाधिकारी से जल संस्थान एवं संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र की पाइपलाइनों की जांच कराने के निर्देश देने का आग्रह किया है। साथ ही पानी के स्रोत और उसकी गुणवत्ता की जांच कराकर पेयजल व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक प्रभावित क्षेत्र के लोगों को टैंकरों के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि दूषित पानी के सेवन से होने वाली संभावित स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव किया जा सके।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें