हल्द्वानी: संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक—जसपुर-टनकपुर के बीच बस संचालन को मिली मंजूरी

हल्द्वानी। कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में गुरुवार को संभागीय परिवहन प्राधिकरण, हल्द्वानी संभाग की बैठक सर्किट हाउस सभागार में आयोजित की गई। बैठक में संभाग की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाने तथा विभिन्न मार्गों पर परिवहन सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

नए मार्गों पर परमिट को लेकर हुई चर्चा

बैठक में कुमाऊं मंडल की परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। नए मार्गों पर वाहनों के परमिट जारी किए जाने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने विभिन्न मार्गों पर बस एवं टैक्सी परमिट की मांग से संबंधित जानकारी प्राधिकरण के समक्ष रखी।

इसके साथ ही वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने तथा पर्यटन क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी चर्चा की गई।

परमिट प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के निर्देश

मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि संभाग में परमिट प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाया जाए, ताकि आमजन, परिवहन व्यवसायियों तथा पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परमिट संबंधी प्रस्तावों का आवश्यकतानुसार परीक्षण कर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जसपुर-टनकपुर के बीच बस संचालन को मंजूरी

बैठक में प्राधिकरण ने सर्वसम्मति से जसपुर-टनकपुर के मध्य उत्तराखंड परिवहन की बसों के संचालन की अनुमति प्रदान की।

इसके अलावा जसपुर-फाटो रेंज में 10 जिप्सियों के संचालन तथा वन विभाग की पूर्व लिखित सहमति के आधार पर जिम कॉर्बेट क्षेत्र के लिए 8 जिप्सियों के संचालन की अनुमति भी प्रदान की गई।

24 महिला जिप्सी संचालकों को भी अनुमति पर सहमति

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 24 महिला जिप्सी संचालकों को जिप्सी संचालन की अनुमति जारी किए जाने पर भी सहमति व्यक्त की गई।

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि कॉर्बेट एवं अन्य क्षेत्रों में जिप्सियों के संचालन के संबंध में वन विभाग से वर्तमान में संचालित जिप्सियों तथा पर्यटकों की संख्या के आधार पर आवश्यक जिप्सियों की मांग का विस्तृत विवरण प्राप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि विवरण का समुचित परीक्षण करने के बाद आगामी बैठक में जिप्सियों के संचालन से संबंधित निर्णय लिया जाए।

बस संचालन की मांग का गहन परीक्षण करने के निर्देश

मंडलायुक्त ने संभाग में यातायात को सरल, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न मार्गों पर बस संचालन की मांग का गहन परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुरूप परिवहन परमिट जारी किए जाएं।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि निर्धारित मार्ग से अलग अथवा निर्धारित रूट के विपरीत वाहनों का संचालन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में प्राधिकरण सदस्य सुनील शर्मा, ललित सिंह, आरटीओ गुरदेव सिंह, एआरटीओ संदीप शर्मा, विपिन कुमार सहित अन्य संबंधित व्यक्ति एवं सदस्य मौजूद रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें