पौड़ी: नौवें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत दुगड्डा में पोषण जागरूकता रैली का आयोजन

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल की विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं में नौवें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन शुरू हो गया है। इसी क्रम में दुगड्डा बाल विकास परियोजना में पोषण जागरूकता रैली निकालकर पोषण माह का शुभारंभ किया गया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने रैली के माध्यम से दिया पोषण का संदेश

रैली में नगर निगम एवं ग्रामीण क्षेत्रों की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सेक्टर सुपरवाइजरों के साथ प्रतिभाग किया। विभिन्न क्षेत्रों में निकाली गई रैली के दौरान चार्ट, पोस्टर और तख्तियों के माध्यम से पोषण माह की प्रमुख निर्धारित थीमों को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।

इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर हॉट कुक्ड मील, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न विषयों की जानकारी आमजन को दी।

गर्भवती महिलाओं और बच्चों को संतुलित आहार के प्रति किया जागरूक

रैली के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, बच्चों, किशोरियों और आमजन को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही पोषण माह के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में लाभार्थियों और समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।

जिलेभर में आयोजित होंगी जागरूकता और सहभागिता गतिविधियां

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि पोषण माह के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता एवं सहभागिता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों का उद्देश्य समुदाय को पोषण के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ खान-पान और बेहतर पोषण व्यवहार को बढ़ावा देना है।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें