नई दिल्ली। गढ़वाली-कुमाऊंनी-जौनसारी भाषा अकादमी मंच द्वारा आयोजित सम्मान समारोह-2026 में भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष उत्तराखंड चंद्रवीर गायत्री विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में दिल्ली की जनता की ओर से उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली के एनडीएमसी सभागार में किया गया। इस अवसर पर बोली-भाषा के क्षेत्र में कार्यशालाएं संचालित करने वाले शिक्षकों तथा विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
भगत सिंह कोश्यारी ने शिक्षकों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में विशिष्ट सेवा देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया।
अपने संबोधन में भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि हिंदी और अंग्रेजी का कितना भी अध्ययन कर लिया जाए, लेकिन हमारी मातृभाषाएं और लोक बोलियां ही हमें हमारी पहचान से जोड़ती हैं। यदि हम अपनी मातृभाषाओं और लोक बोलियों से वंचित हो गए तो अपनी पहचान खोने का खतरा रहेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक भाषाओं का ज्ञान रखने वाला व्यक्ति ही प्रदेश की संस्कृति और समाज को बेहतर ढंग से समझ सकता है। उन्होंने अपने अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि जब लोग उनसे मिलने आते हैं और टिकट की बात करते हैं तो वह उनसे पूछते हैं कि क्या उन्हें गढ़वाली, कुमाऊंनी या जौनसारी भाषा आती है।
लोक भाषाओं को प्रोत्साहन देना अकादमी का उद्देश्य
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष विनोद बचेती ने मुख्य अतिथि भगत सिंह कोश्यारी का स्वागत करते हुए कहा कि राजधानी क्षेत्र में गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी जैसी लोक भाषाओं को प्रोत्साहन देना अकादमी का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि लोक भाषाओं के संरक्षण और नई पीढ़ी तक इनके हस्तांतरण के लिए शिक्षकों और सामाजिक संगठनों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
सम्मान समारोह के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कलाकारों ने पर्वतीय संस्कृति और लोक परंपराओं से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावविभोर किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र जुयाल, श्याम लाल, दिल्ली भाजपा के जिला अध्यक्ष सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
