मसूरी गोलीकांड की बरसी पर कैबिनेट मंत्री खजान दास ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि—’संघर्ष और बलिदान से साकार हुआ उत्तराखंड’

देहरादून। मसूरी गोलीकांड की बरसी पर कैबिनेट मंत्री खजान दास ने देहरादून स्थित शहीद स्थल पहुंचकर उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए राज्य आंदोलनकारियों की भावनाओं और उनके सपनों के अनुरूप उत्तराखंड को सशक्त एवं समृद्ध बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मसूरी गोलीकांड के शहीदों को किया याद

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि 2 सितंबर 1994 का दिन उत्तराखंड के इतिहास में ‘मसूरी गोलीकांड’ के रूप में दर्ज है। उन्होंने कहा कि खटीमा गोलीकांड के विरोध में मसूरी में राज्य आंदोलनकारी शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान पुलिस की गोलीबारी में बेलमती चौहान, हंसा धनाई, बलबीर सिंह नेगी, धनपत सिंह, मदन मोहन ममगाईं और राय सिंह बंगारी शहीद हुए थे।

उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों को बचाने के प्रयास में पुलिस उपाधीक्षक उमाकांत त्रिपाठी ने भी अपने प्राणों का बलिदान दिया था। मंत्री ने सभी शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है।

जल-जंगल और जमीन की रक्षा का लिया संकल्प

खजान दास ने कहा कि शहीदों का बलिदान आज भी प्रदेशवासियों को एकजुट रहने और राज्य के विकास के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने कहा कि यह दिन केवल श्रद्धांजलि देने तक सीमित नहीं है, बल्कि हमें राज्य आंदोलन के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करते हुए उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य के लिए जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।

पूर्व विधायक रणजीत सिंह वर्मा को भी किया याद

इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय रणजीत सिंह वर्मा को भी याद किया। उन्होंने स्वर्गीय वर्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कई लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में अनेक राज्य आंदोलनकारियों के साथ जीएमवीएन के निदेशक विशाल गुप्ता, पार्षद रोहन चंदेल, मंडल महामंत्री राहुल पंवार, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल शर्मा, सोनी रावत, सुखबीर सिंह, अशोक राठौर और सत्यम शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें