देहरादून में ‘परेड ग्राउंड मैराथन-2026’ का आयोजन—RSS प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया

देहरादून, 23 अगस्त। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा के प्रति प्रत्येक नागरिक को सजग और जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा केवल सीमा पर तैनात जवानों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है।

डॉ. शैलेंद्र रविवार को परेड ग्राउंड में सीमा जागरण मंच उत्तराखंड एवं विमला देवी मेमोरियल शिक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘परेड ग्राउंड मैराथन-2026’ को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। सीमा सुरक्षा और नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता के उद्देश्य से आयोजित मैराथन का शुभारंभ डॉ. शैलेंद्र ने मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष मेजर जनरल गुलाब सिंह रावत और पीसीएस अधिकारी रमेंदी मंद्रवाल के साथ हरी झंडी दिखाकर किया।

युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान

डॉ. शैलेंद्र ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्हें अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक युवा ही मजबूत राष्ट्र की नींव तैयार कर सकते हैं।

उन्होंने मैराथन में शामिल धावकों से खेल भावना और अनुशासन के साथ राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

सीमा सुरक्षा के प्रति जागरूकता जरूरी

डॉ. शैलेंद्र ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा को लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक रहना चाहिए। नागरिकों की सजगता और जिम्मेदारी राष्ट्र की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करती है।

मैराथन के दौरान देशभक्ति गीतों और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जुड़ी प्रस्तुतियों ने प्रतिभागियों में उत्साह और देशभक्ति का भाव पैदा किया। परेड ग्राउंड में सीमा सुरक्षा और नशामुक्ति के संदेश के साथ राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला।

मुकेश और राविन ने जीती मैराथन

मैराथन की पुरुष वर्ग प्रतियोगिता में मुकेश ने प्रथम, रोहित ने द्वितीय और प्रिंस ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं महिला वर्ग में राविन प्रथम, तनु द्वितीय और गायत्री तृतीय स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता के विजेताओं को खेल प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में सह प्रांत प्रचारक चंद्रशेखर, प्रदेश संगठन मंत्री आशीष वाजपेयी, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य विपुल गुप्ता, महानगर प्रचारक देव राज, महानगर सीमा जागरण मंच के सह संयोजक शैलेश शर्मा, हरविंदर सिंह, दुर्गेश भट्ट, राजन गुप्ता, ओमप्रकाश शुक्ला, अरविंद तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें