देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के साथ विस्तृत चर्चा की और उन्हें ज्ञापन भी सौंपा।
नियमों के तहत हो रही एसआईआर प्रक्रिया
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि एसआईआर प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिन जनपदों में दावे एवं आपत्तियां अधिक संख्या में प्राप्त हुई हैं, वहां 9 वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को पर्यवेक्षण अधिकारी के रूप में अतिरिक्त तैनाती दी गई है।
उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के आयुक्तों को मतदाता सूची पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठक के निर्देश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी जनपदों को राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर आवश्यक समन्वय बना रहे और प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में मनोज रावत, राजेंद्र भंडारी, सूर्यकांत धस्माना, जसविंदर सिंह गोगी, डॉ. प्रतिमा सिंह और सुजाता पाल शामिल रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
