गोपेश्वर/चमोली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सजवाण के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गोपेश्वर स्थित राजकीय वृद्धा आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान बुजुर्गों को मिष्ठान वितरित करने के साथ ही आश्रम के उपयोग के लिए इलेक्ट्रिक कैटल भी भेंट की गई।
इस अवसर पर बृजमोहन सजवाण ने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान, अपनापन और आवश्यक सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा समाज और देश के निर्माण में योगदान दिया है। ऐसे में उनके साथ स्वतंत्रता दिवस मनाना सम्मान और सौभाग्य की बात है।
इसके बाद यूकेडी कार्यकर्ता राजकीय आश्रम पद्धति पहुंचे और वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों से मुलाकात की। बच्चों को मिष्ठान वितरित करने के साथ ही आवश्यक राशन भी उपलब्ध कराया गया। कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम, देश के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारियों और आजादी के महत्व के बारे में जानकारी दी।
बृजमोहन सजवाण ने कहा कि देश की आजादी अधिकारों के साथ जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है। आज के बच्चे ही देश और उत्तराखंड का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें बेहतर शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल समाज के सभी वर्गों के साथ खड़ा है और सेवा, सम्मान तथा जनहित से जुड़े कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।
कार्यक्रम में जिला कार्यकारी अध्यक्ष पंकज पुरोहित, जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट, दशोली ब्लॉक अध्यक्ष एवं युवा प्रकोष्ठ से सौरभ बिष्ट सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
