गौचर: हरेला पर्व पर अलकनंदा तट पर वृहद वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान

गौचर (चमोली)। हरेला पर्व के अवसर पर भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ, उत्तराखण्ड की जनपद चमोली इकाई के तत्वावधान में रविवार को नगर पालिका क्षेत्र के ग्राम बन्दरखण्ड स्थित अलकनंदा नदी तट पर शिवालय मंदिर परिसर में वृहद वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला मंगल दल, युवक मंगल दल, भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी), वन विभाग, उद्यान विभाग तथा नगर पालिका गौचर ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक हरेला गीत गाकर लोकपर्व की सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाया।

आईटीबीपी और वन विभाग ने संभाली अभियान की कमान

कार्यक्रम में आईटीबीपी की 8वीं वाहिनी के सेनानी मनोहर सिंह रावत के नेतृत्व में जवानों ने झाड़ियों की सफाई कर वृक्षारोपण के लिए गड्ढे तैयार किए। वहीं धनपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी ने औषधीय, छायादार एवं फलदार पौधे उपलब्ध कराए, जबकि उद्यान विभाग की ओर से फलदार पौधों का वितरण किया गया।

नगर पालिका गौचर के पर्यावरण मित्रों ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

‘पौधों का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी’

इस अवसर पर भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ चमोली के जिला अध्यक्ष दिगपाल गुंसाई ने उपस्थित ग्रामीणों एवं प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन करना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रवीर गायत्री के नेतृत्व में संगठन भविष्य में भी सरकार एवं विभिन्न विभागों के सहयोग से जनहित, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

विभिन्न विभागों और संगठनों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में आईटीबीपी, वन विभाग, उद्यान विभाग, नगर पालिका गौचर, महिला मंगल दल, युवक मंगल दल तथा स्थानीय सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से भागीदारी कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में आईटीबीपी के उपसेनानी अधिकारी विनोद कुमार एवं दर्शन लाल, वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी, बीट अधिकारी सम्पत सिंह रावत, राजकिशोर थपलियाल, उद्यान विभाग के नरेन्द्र बिष्ट, विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली के देवेन्द्र कुमार, बन्दरखण्ड समिति के अध्यक्ष जगदीश सिंह कनवासी, सभासद विनोद कनवासी, मदन सिंह कनवासी, दिलवर सिंह बिष्ट, रामभगत भण्डारी, राजेश कनवासी, मयंक धरियाल, महिला मंगल दल अध्यक्ष सतेश्वरी देवी, विजया गुंसाई, राजेश्वरी बिष्ट, उर्मिला धरियाल, जशोन्दरा कनवासी, सोपती देवी, पूनम कनवासी, मनोरमा गुंसाई, मिलन भण्डारी, जिला महामंत्री के. एस. असवाल, प्रदीप लखेड़ा, अरुण मिश्रा, देवेन्द्र गुंसाई, भानु प्रकाश नेगी, गोविन्द सिंह बिष्ट, लक्ष्मण सिंह पटवाल, लोक जन कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील पंवार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें