गौचर: आईटीबीपी की 8वीं वाहिनी में ‘हैप्पी आवर्स’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन

गौचर (चमोली), 12 जुलाई। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की 8वीं वाहिनी, गौचर में ‘हैप्पी आवर्स’ कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेनानी मनोहर सिंह रावत के मार्गदर्शन एवं एचडब्ल्यूडब्ल्यूए (HWWA) की मुख्य संरक्षिका अंजना रावत की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में महानिरीक्षक (एम एंड एस.आई.), औली, अखिलेश सिंह रावत एवं उनकी धर्मपत्नी लीना रावत, मेंटर (HWWA), मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि का पारंपरिक रूप से पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।

लोक संस्कृति और देशभक्ति की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

सांस्कृतिक संध्या में हिमवीरों, हिमवीरांगनाओं एवं उनके परिवारों ने उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। लोकनृत्य, समूह गीत, देशभक्ति कार्यक्रमों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के माध्यम से ‘विविधता में एकता’, भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकात्मता का प्रेरणादायी संदेश दिया गया।

ऐसे आयोजन बढ़ाते हैं मनोबल : आईजी

मुख्य अतिथि अखिलेश सिंह रावत ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बल के जवानों और उनके परिवारों के बीच आत्मीयता, पारस्परिक सहयोग, सांस्कृतिक समन्वय तथा मनोबल को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने HWWA द्वारा परिवारों के कल्याण और सामाजिक समरसता के लिए किए जा रहे कार्यों की भी प्रशंसा की।

उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। पूरा आयोजन उत्साह, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारों ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें