चमोली: कर्णप्रयाग में उद्योग और स्वरोजगार पर जनजागरूकता शिविर, 200 से अधिक लोग हुए लाभान्वित

चमोली | ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की भावना के साथ संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बुधवार को विकासखंड कर्णप्रयाग के ब्लॉक सभागार में उद्योग, लघु एवं सूक्ष्म उद्योग विषय पर आधारित जनजागरूकता कार्यक्रम एवं बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने भाग लिया तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया।

उद्योग और स्वरोजगार पर दिया गया विशेष जोर

कार्यक्रम में उद्योग एवं स्वरोजगार के अवसरों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) की संभावनाओं तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।

इस दौरान उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल ने नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को ‘मेरी योजना’ पुस्तिका के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से आमजन एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

200 से अधिक लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभागीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

स्वास्थ्य, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, उद्योग, कृषि, उद्यान, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के माध्यम से 200 से अधिक लोगों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।

समस्याएं भी सुनी गईं, अधिकारियों को दिए निर्देश

शिविर के दौरान नागरिकों की समस्याएं एवं सुझाव भी प्राप्त किए गए। संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को समयबद्ध तरीके से राहत मिल सके।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी, उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र अंजली रमन, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें