हरिद्वार मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी आरटीओ भवन, ऊर्जा पार्क कार्यालय और सहस्रधारा जलापूर्ति योजना को स्वीकृति

देहरादून।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सोमवार को सचिवालय में व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।

हरिद्वार मेडिकल कॉलेज की संशोधित लागत को मिली मंजूरी

बैठक में मुख्य सचिव ने राजकीय मेडिकल कॉलेज हरिद्वार की संशोधित लागत को स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज को शीघ्र पूर्ण रूप से संचालित किया जाए तथा आवश्यक फैकल्टी की जल्द भर्ती सुनिश्चित की जाए। साथ ही कॉलेज के रखरखाव के लिए भी आवश्यक प्रावधान किए जाने के निर्देश दिए।

हल्द्वानी में बनेगा नया क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय

व्यय वित्त समिति ने हल्द्वानी में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के नए भवन निर्माण कार्य को भी मंजूरी दी। लगभग 35.69 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत पूर्व स्वीकृत परियोजना को निरस्त कर नए सिरे से निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

ऊर्जा पार्क कार्यालय भवन और जलापूर्ति योजना को भी स्वीकृति

बैठक में उरेडा के ऊर्जा पार्क परिसर में सुपर ईसीबीसी कार्यालय भवन के निर्माण के लिए लगभग 16.13 करोड़ रुपये की परियोजना को स्वीकृति दी गई। इसके अलावा सहस्रधारा रोड जलापूर्ति योजना, जिसकी अनुमानित लागत 113.16 करोड़ रुपये है, को भी मंजूरी प्रदान की गई।

ये रहे मौजूद

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव बृजेश कुमार संत, श्रीधर बाबू अद्धांकी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें