देहरादून।
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर जनपद स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
योग दिवस की तैयारियों की दी जानकारी
बैठक के प्रारंभ में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने मुख्य विकास अधिकारी एवं उपस्थित अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में अब तक आयोजित कार्यक्रमों तथा आगामी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से योग को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने संबंधित सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का आधार है। इसलिए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
योग कार्यशाला का भी हुआ आयोजन
बैठक के दौरान कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत ‘योग ब्रेक’ विषय पर एक दिवसीय योग कार्यशाला का आयोजन भी किया गया।
योग प्रशिक्षक रविन्द्र थपलियाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने नियमित योगाभ्यास से होने वाले स्वास्थ्य लाभ तथा तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में उपयोगी जानकारी भी साझा की।
अधिकारियों से किया जागरूकता बढ़ाने का आह्वान
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने विभागों के माध्यम से आमजन को योग के प्रति जागरूक करें तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करें।
विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया तथा योग दिवस के सफल आयोजन के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
