टिहरी गढ़वाल।
राजस्व परिषद की आयुक्त एवं सचिव तथा आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की सचिव रंजना राजगुरु की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार, टिहरी गढ़वाल में राजस्व कार्यकलापों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व विभाग के विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
तहसीलदारों के प्रशिक्षण और ई-ऑफिस पर दिया जोर
बैठक में आयुक्त रंजना राजगुरु ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए तहसीलदारों के नियमित प्रशिक्षण पर विशेष बल दिया। उन्होंने एमएमआर कार्यों के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही फार्मर रजिस्ट्री में प्रगति बढ़ाने तथा ई-ऑफिस प्रणाली को पूर्ण रूप से ऑनलाइन संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
लंबित वादों के निस्तारण पर जताया संतोष
आयुक्त ने न्यायालयों में लंबित वादों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि टिहरी जनपद में कोर्ट केसों का व्यवस्थित और प्रभावी निस्तारण किया जा रहा है, जो सराहनीय है।
जिलाधिकारी ने प्रस्तुत की विभागीय प्रगति रिपोर्ट
बैठक में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल ने जनपद में विभिन्न विभागों के रिक्त पदों की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने तहसीलवार कुल राजस्व वादों की स्थिति एवं उनकी प्रगति से भी आयुक्त को अवगत कराया।
इन विषयों पर हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक के दौरान राजस्व न्यायालयों के कार्यकलाप, वसूली की प्रगति, तहसीलों के आवासीय एवं अनावासीय निर्माणाधीन भवनों की स्थिति, राजस्व उप निरीक्षक एवं राजस्व निरीक्षक चौकियों के निर्माण कार्य, नक्शा प्रोजेक्ट, अंश निर्धारण की कार्यवाही, मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति, एग्रीस्टेक, ई-ऑफिस संचालन, रिकॉर्ड रूम एवं वीडिंग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई।
ये रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, एसडीएम आशीष घिडियाल, एसडीएम मंजू राजपूत, एसडीएम कमलेश मेहता, सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
