ऋषिकेश: उत्तराखंड स्टेट ग्रैपलिंग चैंपियनशिप संपन्न, देहरादून रहा प्रथम

ऋषिकेश : ग्रैपलिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के तत्वावधान में ऋषिकेश स्थित भरत मंदिर पब्लिक स्कूल के हॉल में दो दिवसीय उत्तराखंड स्टेट ग्रैपलिंग चैंपियनशिप का आयोजन संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में ऋषिकेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देहरादून जनपद को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाया।

ग्रैपलिंग एसोसिएशन के महासचिव नवीन रयाल ने बताया कि प्रतियोगिता यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) के नियमों के अनुसार सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई। प्रतियोगिता में 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के विजेता खिलाड़ी आगामी 29 से 31 मई को असम प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रतियोगिता का शुभारंभ ग्रैपलिंग एसोसिएशन के संरक्षक समाजसेवी डॉ. राजे नेगी, जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गजेंद्र राणा, सेवानिवृत्त एयरफोर्स अधिकारी डी.पी. रतूड़ी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संगीता राणा ने संयुक्त रूप से किया। साथ ही विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि के रूप में देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी एवं भाजपा नेता नलिन भट्ट ने पहुँच कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को मेडल एवं ट्रॉफी भेंट कर शुभकामनाएँ दीं। इस मौके पर विधायक कंडारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के जीवन का अनिवार्य अंग है। खेल के माध्यम से युवा न केवल शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहते हैं, बल्कि यह उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी एक सशक्त माध्यम है।

प्रतियोगिता का संचालन निर्णायक मंडल में शामिल उत्तर प्रदेश से आए सुनील चतुर्वेदी एवं दुर्गेश्वर श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर उत्तराखंड ग्रैपलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिलेश मित्तल, कोषाध्यक्ष सागर गर्ग एवं संयुक्त सचिव दीपाली रयाल ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। इस अवसर पर ग्रैपलिंग से जुड़े कोच अनुज गौड़, गंगा मेहरा, सार्थक, अजय कुमार, मोहित, कमल सिंह बिष्ट, अमित एवं विशाल शर्मा, राजेश भंडारी ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें