श्यामपुर भल्ला फार्म से ध्वज लहराकर रवाना हुई देवी दर्शन निःशुल्क यात्रा

ऋषिकेश: गढ़ महिला उत्थान समिति द्वारा आयोजित मातृशक्ति देवी दर्शन निःशुल्क यात्रा के चतुर्थ चरण में पावन धाम मां चंद्रबदनी देवी जी के दर्शन को ग्रामसभा श्यामपुर भल्ला फार्म से विधिवत रूप से ग्रामसभा श्यामपुर की प्रधान विजयलक्ष्मी पंवार एवं यात्रा संयोजक जयेंद्र रमोला द्वारा माता का ध्वज लहराकर रवाना किया गया।

यात्रा संयोजक जयेंद्र रमोला व ग्रामसभा श्यामपुर प्रधान विजयलक्ष्मी पंवार ने कहा कि मां चंद्रबदनी की यह पावन यात्रा केवल आस्था और श्रद्धा का प्रतीक ही नहीं, बल्कि समाज में एकता, सेवा भाव और सनातन संस्कारों को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं एवं विशेष रूप से मातृशक्तियों की बढ़ती भागीदारी समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संकेत है तथा महिलाओं की सक्रिय भूमिका एक सशक्त और जागरूक समाज की नींव है।

समिति की उपाध्यक्ष, प्रधान संगीता राणा व सचिव कृष्णा रमोला ने कहा कि गढ़ महिला उत्थान समिति भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर करती रहेगी, ताकि हमारी परंपराएं जीवित रहें और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता रहे। मां चंद्रबदनी की कृपा से क्षेत्र में सुख-समृद्धि एवं शांति बनी रहे, यही सभी की कामना है एवं इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं।

मौके पर पूर्व प्रधान विजयपाल जेठुड़ी, प्रधान प्रतिनिधि दिनेश पंवार, ईशा चौहान, उमा ओबरॉय, पंचायत सदस्य आशीष पंवार, राहुल बिष्ट, विजयपाल पंवार, सनमोहन रावत व पंडित नवानी आदि मौजूद थे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें