देहरादून: प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने संभाला एसएसपी का कार्यभार, महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर विशेष फोकस

देहरादून। शनिवार, 14 फरवरी 2026 को प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था की मजबूती और यातायात व्यवस्था में सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

नवनियुक्त एसएसपी ने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर और अधिक ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। साथ ही शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति को और बेहतर बनाने तथा यातायात सुधार के लिए व्यापक योजना के तहत कार्य किया जाएगा। उन्होंने पुलिस बल के मनोबल को ऊंचा रखने और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने पर भी विशेष फोकस रखने की बात कही।

प्रमेन्द्र सिंह डोबाल को एक काबिल और सख्त अधिकारी के रूप में जाना जाता है। इससे पूर्व हरिद्वार में एसएसपी रहते हुए उन्होंने अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई कर अपराध पर काफी हद तक अंकुश लगाया था।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि सामाजिक सौहार्द और धार्मिक सामंजस्य बिगाड़ने का प्रयास करने वाले तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। ऐसे अराजक तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नए एसएसपी के पदभार ग्रहण करने के साथ ही पुलिस महकमे में नई ऊर्जा और सख्ती की उम्मीद जताई जा रही है।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें