ऋषिकेश: युवती की हत्या मामले में पुलिस ने 24 घंटे में गिरफ्तार किया मुख्य आरोपित

ऋषिकेश। युवती की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार शाम एसपी जया बलूनी, सीओ डॉ. पूर्णिमा गर्ग और प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने कोतवाली ऋषिकेश में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 01 फरवरी 2026 को वादी बच्चन सिंह रावत निवासी ग्राम धारी, यमकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल) ने तहरीर दी थी कि उनकी पुत्री प्रीति रावत को अभियुक्त सुरेश गुप्ता लंबे समय से जबरन शादी के लिए धमका व परेशान कर रहा था। शादी से इनकार करने पर 31 जनवरी 2026 की रात अभियुक्त ने प्रीति रावत को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर थाना ऋषिकेश में मु0अ0सं0 49/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह स्वयं ऋषिकेश पहुंचे और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में कई टीमों का गठन किया गया। थाना पुलिस, एसओजी और अन्य अनुभवी पुलिसकर्मियों की टीमों ने घटनास्थल व आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर यह सामने आया कि अभियुक्त वारदात के बाद प्रदेश से बाहर फरार हो गया था।

एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए गए। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने 02 फरवरी 2026 को अभियुक्त सुरेश गुप्ता को छुटमलपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि मृतका के व्यवहार में बदलाव आने से वह मानसिक रूप से परेशान था और इसी कारण उसने हत्या की योजना बनाई। उसने लक्सर से अवैध तमंचा व कारतूस खरीदे और 31 जनवरी की रात प्रीति रावत के कमरे में जाकर गोली मार दी।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
सुरेश गुप्ता पुत्र स्व. लालामल गुप्ता, हाल निवासी आवास विकास कॉलोनी ऋषिकेश, मूल निवासी ग्राम दरगाहपुर, थाना लक्सर, जिला हरिद्वार।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त और मृतका के बीच प्रेम संबंध थे। अभियुक्त शादी करना चाहता था और इसी भरोसे उसने अपनी पत्नी से तलाक भी ले लिया था। बाद में जब मृतका ने शादी से इंकार किया तो अभियुक्त ने वारदात को अंजाम दिया।

फिलहाल अभियुक्त को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है और उससे गहन पूछताछ जारी है। पुलिस ने इस जघन्य अपराध के त्वरित अनावरण पर टीम की सराहना की है।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें