नई टिहरी। टिहरी जनपद में मौसम विभाग की भविष्यवाणी एक बार फिर सही साबित हुई है। बुधवार को जनपद के ऊँचाई वाले इलाकों में सीजन की दूसरी बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में लगातार वर्षा दर्ज की गई, जिससे पूरे जनपद में तापमान में भारी गिरावट आ गई और ठिठुरन बढ़ गई। धनोल्टी, कद्दूखाल, सुरकंडा देवी मंदिर, काणाताल, प्रतापनगर और गंगी क्षेत्र में सुबह से ही बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा, वहीं चंबा और नई टिहरी सहित निचले इलाकों में बारिश होती रही। बर्फबारी और वर्षा से जहां आम जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं मौसम साफ होते ही काणाताल और धनोल्टी में बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरे खिल उठे।
सैलानियों ने बर्फ में खेलकर, फोटो और वीडियो बनाकर बर्फबारी का जमकर आनंद लिया। बर्फबारी को किसानों के लिए भी लाभकारी माना जा रहा है। हालांकि बर्फबारी के चलते चंबा-मसूरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी रही, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद मौसम खुलने और धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
