पिथौरागढ़: गंगोलीहाट के पास कार गहरी खाई में गिरी, दो की मौत, वाहन हो गया खंडहर

गंगोलीहाट तहसील मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर ग्राम बोयल, जनपद पिथौरागढ़ में स्विफ्ट कार संख्या यूके-05 टीए-5117 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग एक किलोमीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक कैलाश जोशी व एसआई नरेंद्र पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से कार में सवार शिवनाथ पुत्र प्रेमनाथ (उम्र लगभग 65 वर्ष) निवासी बोयल को खाई से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट भेजा गया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय शिवनाथ की मृत्यु हो गई, जबकि वाहन चालक भोपाल सिंह पुत्र शेर सिंह (उम्र लगभग 35 वर्ष) निवासी बोयल की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए।

पुलिस द्वारा पंचायत नामा भर कर पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। दोनों लोग स्थानीय  चौपाता कस्बे से अपने घर बोयल की ओर जा रहे थे। घर पहुंचने से पूर्व ही दुर्घटना घट गई। भूपाल सिंह का एक पुत्र है उम्र लगभग 6 वर्ष। शिवनाथ के दो पुत्र व  दो पुत्रियां हैं। सभी विवाहित हैं।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें