चमोली: उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र 9 मार्च से 13 मार्च 2026 तक भराडीसैंण (गैरसैंण) में आयोजित किया जाएगा। सत्र के दौरान वीआईपी, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था लागू की है।
प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, 9 से 13 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक गैरसैंण से भराडीसैंण नगर क्षेत्र के बीच भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
गढ़वाल से कुमाऊँ की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों को कर्णप्रयाग–सिमली–ग्वालदम मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है। वहीं जिन व्यापारियों या व्यक्तियों को गैरसैंण क्षेत्र में सामान पहुंचाना है, वे अपने मालवाहक वाहन रात 8 बजे के बाद ही क्षेत्र में ला सकेंगे।
चमोली पुलिस ने सभी नागरिकों, वाहन चालकों और व्यापारियों से अपील की है कि विधानसभा सत्र के दौरान लागू यातायात नियमों का पालन करते हुए पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें, ताकि क्षेत्र में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
