कोतवाली सिविल लाइंस क्षेत्र के सत्ती मोहल्ले में लंबे समय से चले आ रहे एक विवाद को शांत कराने की कोशिश कर रहे युवक पर ही एक गुट ने हमला कर दिया। देर रात लाठी-डंडों और सरियों से लैस युवकों ने उसके घर पर धावा बोलते हुए खिड़की-दरवाजे, लाइट, बाहर खड़ी स्कूटी और बिजली का मीटर तोड़ दिया तथा जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बताया जा रहा है कि मोहल्ले के ही युवक आतिफ ने दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने का प्रयास किया था, जिससे उस समय बड़ा टकराव टल गया था, लेकिन इसी बात से नाराज एक गुट के पांच-छह युवक सोमवार देर रात उसके घर पहुंचे और तोड़फोड़ करते हुए हमला कर दिया।
आरोपित लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे। तब तक किसी ने इस बात की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पूरा घटनाक्रम पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पीड़ित परिवार ने मंगलवार को घटना की तहरीर पुलिस को दी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज को भी उपलब्ध करा दिया है।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
