शिवाजी नगर में शनिवार रात महिला की गोली मारकर हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपित सुरेश गुप्ता को पुलिस ने छुटमलपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया है। शिवाजी नगर गली नंबर 11 में किराये पर रहने वाली प्रीति रावत की प्रेम प्रसंग के चलते गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद आरोपित फरार हो गया था। ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि आरोपित सुरेश गुप्ता, निवासी ग्राम दरगाहपुर लक्सर, हरिद्वार और वर्तमान में आवास विकास कॉलोनी ऋषिकेश में रहने वाला, को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में मृतका के पिता बच्चन सिंह की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। बताया गया कि प्रीति रावत एम्स में संविदा पर कार्यरत थी।
मृतका के पिता बच्चन सिंह रावत, निवासी गांव धारी, पट्टी तल्ला ढांगू, यमकेश्वर ने सुरेश गुप्ता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। मूल रूप से लक्सर, जिला हरिद्वार का रहने वाला आरोपित सुरेश गुप्ता वर्तमान में आवास विकास कालोनी ऋषिकेश में रह रहा था।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि प्रीति का कुछ वर्ष पूर्व अपने पति से तलाक हो गया था।
कोरोना के दौरान प्रीति सुरेश गुप्ता के ससुराल वालों की ऋषिकेश स्थित दुकान में काम करने आई थीं, जहां उसकी मुलाकात सुरेश से हुई। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए।
जब परिवार को दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी मिली, तो सुरेश और उसकी पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होने लगा।
चार माह पहले पत्नी से लिया तलाक, 35 लाख में बेची थी लक्सर की संपत्ति
सुरेश गुप्ता ने प्रीति के साथ विवाह करने के लिए अपनी पत्नी से लगभग चार माह पूर्व आपसी सहमति से तलाक लिया था। शादी से पहले प्रीति और उसके परिवार ने सुरेश से ऋषिकेश में संपत्ति खरीदने की बात की।
सुरेश ने अपनी पैतृक संपत्ति, जो लक्सर में थी, 35 लाख रुपये में बेच दी। इसके बाद वह प्रीति के साथ रहने के लिए ऋषिकेश में मकान तलाशने लगा, लेकिन 35 लाख में कोई अच्छी संपत्ति न मिलने के कारण दोनों के बीच तनाव बढ़ने लगा।
एसएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रीति के साथ प्रेम संबंध के कारण तलाक, संपत्ति बेचने और मकान न खरीद पाने के चलते मनमुटाव और अवसाद में हत्या करने का प्रतीत होता है।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
