ऋषिकेश: त्रिवेणी घाट पर गंगा पार करने के चक्कर में युवक ने लगाई डुबकी, जल पुलिस ने किया रेस्क्यू

ऋषिकेश: सोमवार को शाम लगभग 16:00 बजे त्रिवेणी घाट पर स्थानीय फूल विक्रेताओं के द्वारा जल पुलिस चौकी को सूचना दी गई कि एक युवक तैरकर गंगा जी पार चला गया है, वह काफी थक गया है और मदद के लिए लगातार चिल्ला रहा है।

सूचना पर घाट पर तैनात जल पुलिस/आपदा राहत दल कर्मचारी तुरंत लाइफ जैकेट व अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ तैरते हुए गंगा जी के पार राजा जी नेशनल पार्क टापू पर पहुंचे तो युवक द्वारा बताया गया कि मेरा नाम कुणाल है और मैं अपने भाई (चाचा के लड़के) के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। मुझे थोड़ा बहुत तैरना आता है, लेकिन मुझे यह पता नहीं था कि गंगा जी में कितनी गहराई और कितना तेज बहाव है। मैं इसका अनुमान नहीं लगा पाया। आधी गंगा में ही मेरे हाथ-पैर बहुत थक गए थे, जैसे-तैसे करके मैं पार चला गया। मुझे बहुत बड़ी गलती हो गई है, कृपया मुझे आप सुरक्षित पार पहुंचा दें।

जल पुलिस एवं आपदा राहत दल के कर्मचारियों द्वारा उक्त युवक को लाइफ जैकेट के सहारे सकुशल रेस्क्यू किया गया और रेस्क्यू करने के पश्चात उसके साथ आए चाचा के लड़के भूपेंद्र की सुपुर्दगी में दिया गया।

बचाव टीम में निम्न पुलिसकर्मी शामिल रहे:

  • चैतन्य कुमार

  • अनिलपाल

  • हरीश गुसाईं

  • विनोद सेमवाल

  • अनिल चौधरी


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें