ऋषिकेश: आबकारी विभाग ऋषिकेश द्वारा की गई बड़ी कार्रवाई में अवैध शराब बेचने वाले पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। दिनांक 25 फरवरी 2026 को श्रीमती प्रेरणा बिष्ट, आबकारी निरीक्षक ऋषिकेश के नेतृत्व में आबकारी टीम ऋषिकेश एवं जनपदीय प्रवर्तन देहरादून ने ऋषिकेश क्षेत्र के चंद्रेश्वर नगर, जाटव बस्ती, आईडीपीएल एवं जे.जे. ग्लास फैक्ट्री स्थित संदिग्ध ढाबों एवं घरों में दबिश दी।
दबिश के दौरान शुरुआती कार्रवाई जाटव बस्ती में की गई, जिसमें एक महिला पिंकी पत्नी सोनू कुमार निवासी जाटव बस्ती को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 10 पव्वे इंपीरियल ब्लू एवं 42 पाउच माल्टा देसी शराब बरामद की गई।
कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए चंद्रेश्वर नगर स्थित सुनील पुत्र धनेश्वर सिंह निवासी चंद्रेश्वर नगर को शराब बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 23 पव्वे मैकडॉवेल नंबर वन एवं 45 पाउच माल्टा देसी शराब बरामद की गई।
दबिश जारी रखते हुए जे.जे. ग्लास फैक्ट्री के सामने स्थित ढाबों से दो अभियुक्त अनिल नोनियल पुत्र पूरन सिंह एवं अक्षत पुत्र महेंद्र सिंह निवासी नीम करोली मंदिर के पास, जे.जे. ग्लास फैक्ट्री के समीप को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 50 पव्वे अंग्रेजी शराब एवं 51 पाउच माल्टा देसी शराब बरामद की गई।
पुनः कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए आईडीपीएल लेबर कॉलोनी में दबिश दी गई। दबिश के दौरान सोनिया पत्नी दलविंदर सिंह के कब्जे से 25 पाउच माल्टा देसी शराब बरामद की गई।
पूरी कार्रवाई में कुल पांच व्यक्तियों – 03 पुरुष और 02 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 123 पाउच माल्टा एवं 139 पव्वे अंग्रेजी शराब, लगभग 06 पेटी शराब बरामद की गई। सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
आबकारी विभाग की अवैध शराब के विरुद्ध की गई इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में शराब तस्करों में हड़कंप मच गया। इससे स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि अवैध शराब बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
दबिश टीम का नेतृत्व कर रही तेजतर्रार आबकारी निरीक्षक श्रीमती प्रेरणा बिष्ट ने स्थानीय जनता से भी अपील की है कि कहीं भी अवैध शराब बिक्री होती है, तो आबकारी विभाग से संपर्क किया जाए और उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
