ऋषिकेश। आबकारी विभाग ऋषिकेश द्वारा अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को भी लगातार कार्रवाई जारी रही। आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने ऋषिकेश बस स्टैंड, लेबर कॉलोनी और श्यामपुर क्षेत्र में संदिग्ध ढाबों व आवासों पर दबिश देकर एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 02 फरवरी 2026 को सबसे पहले ऋषिकेश बस स्टैंड के पास स्थित जेके भोजनालय पर छापेमारी की गई। यहां से शुभम पुत्र महेंद्र, निवासी ढालवाला, ऋषिकेश के कब्जे से 58 पव्वे इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की बरामद की गई।
इसके बाद टीम ने लेबर कॉलोनी क्षेत्र में दबिश दी, जहां IDPL कॉलोनी निवासी सायबा पुत्री शिब्बन के कब्जे से 42 पव्वे बीच हाउस रम और 09 पव्वे इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की बरामद हुई।
लगातार कार्रवाई करते हुए आबकारी टीम ने श्यामपुर चौकी के पास स्थित सत्कार ढाबे पर छापेमारी की। यहां से अशोक पुत्र गणेश, निवासी बागेश्वर (हाल पता रायवाला, देहरादून) के कब्जे से 28 पव्वे माल्टा देशी शराब, 12 पव्वे रॉयल स्टैग तथा 06 बोतल इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की बरामद की गई।
इस प्रकार कुल दो पुरुषों और एक महिला के कब्जे से 121 पव्वे अंग्रेजी शराब, 06 बोतल अंग्रेजी शराब तथा 28 पव्वे माल्टा देशी शराब बरामद की गई।
आबकारी विभाग ने तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
