ऋषिकेश/रायवाला: मोतीचूर फ्लाईओवर पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में कई वाहन आपस में टकरा गए। दुर्घटना के बाद एक स्कॉर्पियो कार में आग लगने से आसपास के अन्य वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, 8 मार्च 2026 की रात लगभग 9:18 बजे डायल 112 के माध्यम से कोतवाली रायवाला को सूचना मिली कि होटल गोडविन के सामने मोतीचूर फ्लाईओवर पर रायवाला से हरिद्वार की ओर जा रही उत्तराखंड रोडवेज की बस (UK04 PA1678) और स्वराज-735 ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर हो गई है। इसी दौरान पीछे से आ रही स्कॉर्पियो एन भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई, जिससे स्कॉर्पियो में आग लग गई।
संभावना जताई जा रही है कि स्कॉर्पियो के सीएनजी सिलेंडर में विस्फोट होने के कारण वाहन में आग लगी, जिसकी चपेट में अन्य वाहन भी आ गए। आग की लपटों से HR46 E0605 ट्रोला और UK07 HC 5084 एक्सयूवी-300 कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में कुसुम (30 वर्ष) पत्नी सचिन, निवासी भोगपुर नजीबाबाद, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) की ट्रोले के टायरों के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से हरमिलाप अस्पताल हरिद्वार भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, घायल सभी लोग झंडा मेला देहरादून से अपने घर बिजनौर लौट रहे थे और ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार थे।
घायलों में कासिफ (23), सुभाष (40), विक्की (28), आरव (6), लवी (19), नीतू (35), सोनिया (12), अंशिका (6), दिव्यांशु (8), अनमोल (25), सोनाक्षी (9), हर्ष (7), वंशिका (19), सिमरन (16) और गुलशन (11) शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश और प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग ने आग बुझाई और पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य कराया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
