टनकपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय टनकपुर में आयोजित ‘मुख्य सेवक संवाद’ कार्यक्रम में प्रतिभाग कर क्षेत्र की माताओं, वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पूर्णागिरि मेला समिति, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों तथा अन्य नागरिकों से आत्मीय संवाद किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनसमस्याओं को सीधे जनता से सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने नागरिकों से क्षेत्र के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और स्थानीय समस्याओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की आवश्यकताओं, सुझावों और समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर गंभीरता से कार्य करते हुए शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता को समयबद्ध राहत मिल सके।
टनकपुर अस्पताल की सुविधाएं होंगी मजबूत
मुख्यमंत्री धामी ने टनकपुर अस्पताल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यहाँ टनकपुर और आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ नेपाल से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है और मौजूदा डायलिसिस सुविधा के विस्तार के तहत जल्द ही एक और डायलिसिस मशीन स्थापित की जाएगी।
पर्यटन और वॉटर स्पोर्ट्स का केंद्र बनेगा बूम क्षेत्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर के बूम क्षेत्र को पर्यटन और वॉटर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही इसे एक आकर्षक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प टनकपुर को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और सुविधायुक्त बनाना है।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, ब्लॉक प्रमुख चंपावत अंचला बोहरा, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, जिला महामंत्री हिमेश कलखुड़िया, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: अवतार सिंह रावत
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
