ऋषिकेश : चिकित्सा क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहे निर्मल आश्रम अस्पताल, ऋषिकेश द्वारा आज, 3 अप्रैल 2026 को निर्मल आश्रम खैरी कलाँ (नजदीक नेपाली फार्म) में 18वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। निर्मल आश्रम खैरी कलाँ में एन.जी.ए. (NGA) एवं एन.ई.आई. (NEI) के वार्षिक समागम के दूसरे दिन, ‘परिवर्तन चैरिटेबल ब्लड बैंक’ के सहयोग से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोग रक्तदान के लिए आगे आए।
अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. अजय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा वर्ष में दो बार रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है और इसी कड़ी में यह 18वाँ शिविर है। इस पुनीत यज्ञ में 114 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया। उन्होंने बताया कि शिविर का शुभारंभ निर्मल आश्रम के महंत बाबा राम सिंह जी महाराज ने रिबन काटकर किया।
इस अवसर पर महाराज जी ने कहा कि प्रत्येक मनुष्य को “जीते-जीते रक्तदान एवं मरणोपरांत नेत्रदान” का संकल्प लेना चाहिए, क्योंकि मानव सेवा से बढ़कर दुनिया में कोई कार्य नहीं है। वहीं, संत जोध सिंह जी महाराज ने चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में निर्मल आश्रम की ओर से संचालित जन कल्याणकारी कार्यों को निरंतर जारी रखने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर डॉ. इंदु शर्मा, अमन कुमार, अजय शर्मा, आत्म प्रकाश कोचर, ललिता कृष्णास्वामी, डॉ. सुनीता शर्मा, अमृतपाल डंग, करमजीत सिंह, चरणजीत सिंह एवं शहर के अन्य गणमान्य व्यक्ति प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
