धर्मनगरी हरिद्वार के बैरागी कैंप क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक टेंट गोदाम में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। करीब 12 बजे प्रकाश टेंट के गोदाम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही क्षणों में आग भड़क उठी। घने धुएं का गुबार तीन से चार किलोमीटर दूर तक नजर आया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने लपटें उठती देख शोर मचाकर लोगों को सतर्क किया, लेकिन गोदाम में रखे भारी मात्रा में कपड़े, गद्दे, बांस, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील टेंट सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
आग की लपटें और धुएं का गुबार ऊंचाई तक उठने लगा। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। कनखल थाना पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। स्थानीय लोग भी बाल्टियों और पाइप के सहारे प्रारंभिक प्रयास करते दिखाई दिए, किंतु आग की तीव्रता के आगे प्रयास नाकाफी रहे।
फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गोदाम के चारों ओर से आग पर काबू पाने और पास की झुग्गियों, मकानों को बचाने का प्रयास किया। अभी तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं हो पाया है।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
