हल्द्वानी के गल्ला मंडी में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, युवक-युवती के शव बरामद

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में  गल्ला मंडी में दो शव मिलने से सनसनी फ़ैल गयी. शव एक युवक और युवती के हैं. युवती लगभग २० से २२ साल और युवक ३० साल का है. बेरहमी से दोनों का क़त्ल किया हुआ है. पुलिस के मुताबिक़, दोहरे हत्याकांड के मामले में हर एंगल से जांच शुरू कर दी है. दोनों के सिर बुरी तरह से कुचले गए हैं. शवों के पास ही पत्थर भी मिला जिसमें खून लगा हुआ है. फोरेंसिक टीम मौके पर पहुँच सबूत जुटा रही है.

मृतक युवक की पहचान अल्मोड़ा निवासी शुभम कुमार टम्टा के रूप में हुई है. दरअसल उसकी जेब से पुलिस को उसका आधार कार्ड मिल गया. आधार कार्ड में शुभम की जन्मतिथि 31 दिसंबर 1995 लिखी हुई है. आधार कार्ड में लिखे मोबाइल नंबर से पुलिस ने उसके बारे में जानकारी हासिल की. खुद एसपी सिटी मनोज कात्याल  भी नवीन गल्ला मंडी में वहां पहुंचे जहां डबल मर्डर हुआ था. पुलिस टीम मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके साथ ही पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें