गोपेश्वर पुलिस की बड़ी सफलता: घर का ताला तोड़कर 2.50 लाख की चोरी का 24 घंटे में अनावरण

चमोली: गोपेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर लिया। पुलिस ने मामले में मुख्य अभियुक्त और चोरी का सामान खरीदने वाले जौहरी को गिरफ्तार कर लिया है।

घर का ताला तोड़कर की गई थी चोरी

जानकारी के अनुसार 13 मार्च 2026 को सुभाषनगर निवासी श्रीमती पूजा देवी ने कोतवाली गोपेश्वर में शिकायत दर्ज कराई कि 11 मार्च को उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखा सोने का गुलबंद (लगभग ₹2.50 लाख कीमत) चोरी कर लिया गया।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 07/2026 धारा 305(ए), 331(1), 331(3), 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

विशेष टीम बनाकर शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय स्तर पर सुरागरसी की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपराध

पुलिस ने संदिग्ध प्रकाश आर्य पुत्र दर्शन लाल, निवासी सुभाषनगर मल्ला नैग्वाड़, गोपेश्वर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात को स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अलमारी का लॉक तोड़कर सोने का गुलबंद चुराया था।

जौहरी को मात्र 10 हजार में बेचा था गहना

अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि उसने चोरी किया हुआ गुलबंद मंदिर मार्ग स्थित रस्तोगी ज्वेलर्स को मात्र ₹10,000 में बेच दिया।

अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने ध्रुव रस्तोगी पुत्र राजीव रस्तोगी, निवासी मंदिर मार्ग गोपेश्वर को भी चोरी का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दी लोगों को सलाह

चमोली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने घरों के ताले सुरक्षित रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

साथ ही स्वर्णकारों को चेतावनी दी गई है कि बिना पक्के बिल या पहचान पत्र के कोई भी आभूषण न खरीदें, अन्यथा उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें