गौचर/चमोली: पत्रकारों द्वारा आयोजित होली मिलन कार्यक्रम हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, पत्रकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन पर्वतीय पत्रकार एसोसिएशन एवं श्रमजीवी पत्रकार यूनियन कर्णप्रयाग के तत्वावधान में प्रेस क्लब कर्णप्रयाग में आयोजित किया गया, जिसकी संपूर्ण व्यवस्था एवं देखरेख यूनियन के अध्यक्ष दिनेश जोशी ने की। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि पत्रकार समाज का सजग प्रहरी होता है, जो लोकतंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आपसी संवाद, सहयोग और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने पत्रकारों को होली की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष दिनेश जोशी ने सभी अतिथियों एवं पत्रकार साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल पर्व मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पत्रकारों के बीच एकजुटता, सहयोग और सकारात्मक संवाद का प्रतीक है।
कार्यक्रम में लोक जागृति विकास संस्था कर्णप्रयाग द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, तथा स्थानीय कीर्तन मंडलियों द्वारा होली गीत गाए गए। अंत में सभी ने पारंपरिक व्यंजनों के साथ एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सर्व श्री दिगपाल सिंह गुसाईं, लक्ष्मी प्रसाद कुमेड़ी, दिनेश थपलियाल, कालिका प्रसाद, जितेंद्र पंवार, सतीश गैरोला, अरुण मैठाणी (जिला महामंत्री भाजपा), कुशाल सिंह असवाल, प्रकाश डिमरी, दीपक शाह, सत्येंद्र पुंडीर, गणेश शाह (नगर पालिका अध्यक्ष कर्णप्रयाग), संपूर्णानंद डिमरी, हेमा डिमरी, देवेंद्र सिंह नेगी, हरिकृष्ण भट्ट (प्रदेश प्रवक्ता कांग्रेस), रामकृष्ण भट्ट, कांति प्रसाद डिमरी, थाना प्रभारी कर्णप्रयाग आदि मौजूद रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
