गौचर में जनकल्याण लोक सेवा समिति के तत्वावधान में दूसरा होली मिलन समारोह धूमधाम से संपन्न

गौचर/चमोली: गौचर जनकल्याण लोक सेवा समिति के तत्वावधान में दूसरी बार होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस द्वितीय वर्ष के समारोह में मनमोहन कीर्तन के साथ झांकी निकाली गई। स्कूली बच्चों द्वारा राधा-कृष्ण के बीच वृंदावन की झांकी का सुंदर दृश्य प्रस्तुत किया गया।

स्कूली बच्चों एवं पालिका क्षेत्र की कीर्तन मंडली की महिलाओं के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। महिलाओं ने मंच पर अतिथियों का स्वागत बुरांस के फूल, फ्यूंली, गुलाब और गेंदे के फूलों से किया। तत्पश्चात ‘कैन मारी पिचकारी छरररर’ एवं ‘कान्हा ने ऐसा रंग डाला’ जैसे पौराणिक होली गीतों ने समां बांध दिया।

कीर्तन मंडली भैरवनाथ द्वारा ‘गढ़रतन नरेंद्र’ के गाने पर होली पर होने वाले हंसी-मजाक को नृत्य द्वारा दिखाया गया, जिसे दर्शकों ने बहुत पसंद किया।

स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल तथा बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने जनकल्याण लोक सेवा समिति के होली मिलन कार्यक्रम की सराहना की।

समारोह में स्कूली बच्चों सहित नगर क्षेत्र व समीपवर्ती गांवों की महिला मंगल दल, महिला समूहों तथा कीर्तन मंडलियों की महिलाओं और पुरुषों की टीम ने होली पर बेहतरीन गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को रंगोत्सव में बदल दिया। कार्यक्रम में शिरकत करते हुए भारी संख्या में मौजूद लोगों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। प्रतिभागियों को जनकल्याण लोक सेवा समिति द्वारा सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, जयकृत बिष्ट, मुकेश नेगी, हरिकृष्ण भट्ट, अनिल नेगी, शैलेंद्र नेगी, अर्जुन नेगी, भगवती प्रसाद खंडूड़ी, गोविंद प्रसाद थपलियाल, बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला, ईश्वरी मैखुरी, आनंद सिंह कंडारी, कुशाल सिंह नेगी, मंजु नेगी, बीना देवी, गोविंद सिंह बिष्ट उपस्थित रहे।

जनकल्याण लोक सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील पंवार ने सभी अतिथियों और कीर्तन मंडली की महिलाओं का आभार व्यक्त किया।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें